भास्कर न्यूज | एडू नवयुवक संगठन समिति ग्राम चंद्रशेखरपुर के तत्वावधान में 17 से 20 जनवरी तक आयोजित चार दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। समापन समारोह में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रजनी राठिया, ग्राम चंद्रशेखरपुर की सरपंच शकुंतला नवल राठिया, जनपद सदस्य संतराम खुंटे और डोल नारायण पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। फाइनल मुकाबला नगोई और बगबुड़वा टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें नगोई टीम ने बगबुड़वा को 5 अंकों से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने खिलाड़ियों से कहा कबड्डी ऊर्जा और उत्साह से भरा खेल है। यह परंपरागत रूप से धरती पर खेला जाने वाला खेल रहा है, लेकिन अब आधुनिक युग में मैट पर भी इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।


