रायसेन में शुक्रवार को खेलो एमपी यूथ गेम्स के प्रथम चरण के अंतर्गत सांची विकासखंड के लिए चयन ट्रायल आयोजित किया गया। जिला खेल परिसर में हुए इस ट्रायल में सांची ब्लॉक के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, खो-खो, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, क्रिकेट, शतरंज, पिट्ठू और रस्सा-कसी सहित विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी खेलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। खेल अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं: जमना सेन कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जमना सेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, कड़ी मेहनत और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी स्पर्धाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। ट्रायल के दौरान रेफरी ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए खिलाड़ियों को खेल नियमों और खेल भावना के प्रति जागरूक किया। आयोजन को सफल बनाने में ओमकार राठौर, अभिषेक अग्निहोत्री, गोविंद गौर, मनोहर राजपूत, विकास, देवेंद्र, गजेंद्र और नारायण वर्मा का विशेष योगदान रहा। संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्था और समन्वय ब्लॉक समन्वयक भानु प्रताप सिंह यादव, अंकित कुशवाहा, दिनेश शाक्य और अमन शर्मा द्वारा किया गया।


