भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र स्थित चरचा ईस्ट खदान में कबाड़ चोरों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार की शाम बदमाशों ने खदान परिसर में घुसकर न केवल ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया, बल्कि बिजली केबल भी काट ले गए। इस वारदात के कारण खदान का वेंटिलेशन सिस्टम ठप हो गया। घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। चरचा ईस्ट खदान के मुहाने पर वेंटिलेशन पंखे के संचालन के लिए ऑपरेटर विजय मिंज, रघुनाथ और भजन ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान दीवार की आड़ में छिपे करीब सात नकाबपोश बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों के पास तलवार, लाठी और डंडे जैसे घातक हथियार थे। अचानक हुए हमले से घबराकर ऑपरेटर विजय मिंज जान बचाने के लिए भागे, लेकिन वे गिर पड़े, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोट आई। हमले में रघुनाथ और भजन को भी गंभीर चोटें लगी हैं। तीनों घायल कर्मचारियों को तत्काल एसईसीएल रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हमले की जानकारी के बाद भी मौके पर पर्याप्त सुरक्षा बल नहीं भेजा गया। इसका फायदा उठाते हुए कबाड़ गिरोह दोबारा खदान के मुहाने पर पहुंचा और बिजली केबल काटकर ले गया। केबल कटने से खदान का वेंटिलेशन पंखा बंद हो गया, जो भूमिगत खदान के अंदर हवा के प्रवाह के लिए अनिवार्य होता है। अब तक इस मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।


