बारां के अंता में एक मकान में महिला और युवक का खून से लथपथ शव मिला है। दोनों के शव एक कमरे में एक ही जगह पर मिले है। घटना के बाद से महिला का पति फरार है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को अंता अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई। मामला धाकड़ खेड़ी गांव का है। रात 12 बजे पुलिस को मिली सूचना
अंता डीएसपी श्योजीलाल मीणा ने बताया- बुधवार रात 12 बजे के करीब हमें फोन आया कि धाकड़ खेड़ी गांव में डबल मर्डर हुआ है। सूचना पर मैं थानाधिकारी दिग्विजय सिंह गुर्जर और जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घर के अंदर जाकर देखा तो एक कमरे में एक महिला और एक युवक खून से लथपथ थे। दोनों के सिर, गर्दन और कमर पर चोट के निशान थे। महिला की मौत हो चुकी थी। वहीं युवक गंभीर घायल था। हमने पहले तो दोनों को अंता अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुछ देर बाद ही युवक की भी मौत हो गई। डीएसपी ने बताया-पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला की महिला रिंकी (30) इसी घर में अपने पति गणेश पारेता और दो बच्चों के साथ रहती थी। सर्दी की छुट्टियों के कारण बच्चे महिला की बहन के घर गए हुए थे। वहीं गणेश घर पर नहीं था। मरने वाले युवक के बारे में आसपास के लोगों को कोई जानकारी नहीं थी। जांच के बाद उसकी पहचान कोटा के भीमगंज के गौरव हाड़ा (19) पुत्र पूरण सिंह के रूप में हुई। घटना के बाद से रिंकी का पति गणेश पारेता फरार है। पुलिस गणेश को भी संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। महिला के पिता और युवक का भाई आने पर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई और शव सौंप दिए गए। पुलिस अब ये पता लगाने में लगी हुई है कि युवक गणेश के घर क्यों आया था। 2-3 लोग भागते हुए दिखाई दिए-ग्रामीण
इधर मामले को लेकर एक ग्रामीण ने बताया-रात को 11.30 बजे के करीब गणेश पारेता के घर से तेज आवाज आई। आसपास के घरों से लोग उठकर बाहर आए तो 2-3 लोग गणेश पारेता के घर से भागते हुए निकलते दिखे। हमने आवाज लगाई, लेकिन वे नहीं रूके। गणेश पारेता का घर खुला होने पर हमने अंदर जाकर देखा, तो रिंकी और एक युवक खून से लथपथ पड़े थे। जिसके बाद हमने पुलिस को सूचना दी। महिला का पति गणेश अंता में ही एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। घर में पति-पत्नी के अलावा उनके दो बच्चे भी रहते थे। जो रिंकी की बहन के घर गए हुए थे।


