नगर निगम ने सोमवार को डूमरतालाब से सरोना जाने वाली सड़क पर व्यावसायिक नक्शे के खिलाफ किए गए निर्माण को तोड़ दिया है। वहीं सड़कों पर अवैध रूप से चलने वाली गुमटियों और ठेलों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। निगम कमिश्नर ने सभी जोन कमिश्नरों को अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर के आदेश के बाद जोन-8 की टीम ने डुमरतालाब से सरोना जाने वाली मुख्य सड़क में एक निर्माण पर कार्रवाई की। यहां लगभग 2400 वर्गफीट जमीन पर निर्माण किया जा रहा था। निर्माण करने वाली पूर्णिमा चावड़ा ने स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण करा लिया। वहां पार्किंग की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। निगम अमले ने तीन नोटिस भी भेजे। इसके बाद उन्हें खुद अवैध निर्माण तोड़ने के लिए कहा गया था। तीसरी नोटिस के बाद भी कोई जवाब नहीं देने पर निगम के जोन कमिश्नर एके हालदार तथा नगर निवेश की टीम ने अवैध निर्माण वाले हिस्से को तोड़ दिया। इसके बाद टीम ने मोहबाबाजार से एम्स होते हुए टाटीबंध जाने वाली मेन रोड लगभग 15 ठेलों और गुमटियों को भी हटा दिया।


