अलवर शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र में लावारिश घूम रहे पशुओं की निगम कमिश्नर को शिकायत करना भारी पड़ गया। शिकायत करने वाले को पशु मालिकों ने लाठियों से पीटा। एक युवक का सिर फोड़ दिया। घटना के बाद मोहल्ले के 50 से अधिक लोग अखैपुरा थाना पहुंचे। अखैपुरा थाना क्षेत्र में दिल्ली दरवाजा के पास रहने वाले पीड़ित राहुल जाटव ने बताया कि मोहल्ले के आम रास्ते पर आए दिन लावारिश पशुओं का जमावड़ा रहता है। कई बार रास्ता रुक जाता है। आए दिन दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। जिसके कारण नगर निगम कमिश्नर को शिकायत की गई। शिकायत करने के दो दिन बाद गोवंश के मालिक सुमित, अमित और पप्पू उससे मिले और पूछा कि तुमने लावारिश पशुओं की शिकायत क्यों दी है। इनता कहकर वे धमकी देकर चले गए। उसके बाद में ये तीनों युवक लाठी फरसी लेकर आए और हमला कर दिया। जिसके सिर पर गंभीर चोट लगी है। अब मोहल्ले के लोग अखैपुरा थाना पहुंचे हैं। सबने शिकायत दी है कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा मोहल्ले से लावारिश पशुओं को हटाया जाए।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


