राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आटी में भारती एयरटेल फाउंडेशन ने शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान मे संचालित क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम के तहत विद्यालय को कंप्यूटर सेट भेंट किया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पीईईओ विकास संखलेचा व विशिष्ठ अतिथि प्रतिनिधि भारती एयरटेल फाउंडेशन ओमप्रकाश सरगरा मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षक सुनील जोशी ,कल्पेश जैन, पवन शर्मा ,जुंजारसिंह राजपुरोहित, कमल शर्मा राही, डूंगरमल शारदा, लक्ष्मीकांता खत्री, राहुल सोनी, भवानीशंकर गर्ग, मैना चौधरी, सवाई सिंह राजपुरोहित, राधिका परिहार सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय को प्रदान किए गए कंप्यूटर सेट का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि पीईईओ विकास संखलेचा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है और कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गई है ।कंप्यूटर के माध्यम से विद्यार्थी नई तकनीकों से जुड़ेंगे, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी बेहतर ढंग से कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में कंप्यूटर सुविधा उपलब्ध होना विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम है। संखलेचा ने कहा कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें। प्रधानाचार्य संखलेचा ने भारती एयरटेल फाउण्डेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए फाउण्डेशन का महत्वपूर्ण योगदान है । कार्यक्रम में प्रतिनिधि भारती एयरटेल फाउण्डेशन ओमप्रकाश सरगरा ने कहा कि कंप्यूटर केवल एक मशीन नहीं, बल्कि ज्ञान का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में डिजिटल दक्षता की आवश्यकता है। विद्यालय में कंप्यूटर की उपलब्धता से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरेगी। कार्यक्रम प्रभारी यास्मीन शेख ने बताया कि कम्प्यूटर की उपलब्धता होने से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में सहायता मिलेगी। इस कम्प्यूटर का उपयोग सुनिश्चित करेगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिल सके। अतिथियों ने कंप्यूटर कक्ष का अवलोकन किया। विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें डिजिटल शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी।


