धौलपुर जिले के सरमथुरा थाना क्षेत्र के कोनेसा गांव में शनिवार दोपहर को खेत पर काम करते समय बिजली के करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। जिसके शव को सरमथुरा अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है। लक्ष्मी पत्नी रामकेश उर्फ कल्ला घटना के समय अपने खेत की मेड़ पर कृषि कार्य कर रही थी। खेत में लगे बिजली के खंभे में अचानक करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्चुरी में पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। जिनके सिर से अब मां का साया उठ चुका है। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।


