भास्कर न्यूज | राजिम चौबेबांधा मेला मैदान में बिजली सुधार कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने डेढ़ महीने बाद बिजली ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार 12 फरवरी से 26 फरवरी तक राजिम कुंभ कल्प मेला का आयोजन किया गया था। मेला प्रारंभ होने के पूर्व सभी व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही थी। वहीं बिजली व्यवस्था का कार्य रायपुर के रहने वाले शिव कुमार साहू द्वारा ठेका पर किया जा रहा था। बताया गया कि दो दिनों तक काम करने के बाद 10 फरवरी को ठेकेदार शिव कुमार साहू द्वारा केंद्र निवासी पुनीत बांदे पिता दाउलाल बान्दे (27 वर्ष) व उसके अन्य साथियों को केबल चेंज करने का काम दिया गया था। इस दौरान पुनीत बांधे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के 11 केवी लाइन पर खंभे पर सीढ़ी लगाकर चढ़ गया और करंट की चपेट में आ गया। पुनीत को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ठेकेदार द्वारा बिजली कार्य के दौरान मृतक को अपने अधीनस्थ में रखकर बिना सुरक्षा व्यवस्था ट्रांसफार्मर पोल सीढ़ी में चढ़ाकर लापरवाहीपूर्वक काम कराने के कारण ठेकेदार शिव कुमार साहू के खिलाफ धारा 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


