हनुमानगढ़ में पिछले साल अगस्त में करंट लगने से एक बच्चे के हाथ गंवाने के मामले में कांग्रेस सेवादल ने मदद का बीड़ा उठाया है। जंक्शन के सुरेशिया, वार्ड 56 निवासी सात वर्षीय नैतिक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए सेवादल के कार्यकर्ता आगे आए हैं। सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पीड़ित परिवार के साथ जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की। पारीक ने बताया कि घटना के बाद से न तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और न ही बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई की। नैतिक की परिस्थिति काफी दयनीय है। उसके पिता का देहांत हो चुका है। दो बहनों के साथ उसकी मां घरों में काम करके परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। सेवादल ने पहले निवर्तमान वार्ड पार्षद विकास रांगेरा से मुलाकात की और फिर विद्युत विभाग से संपर्क किया। सेवादल की मुख्य मांगें हैं – पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और आबादी क्षेत्र से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन को या तो शिफ्ट किया जाए या फिर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। विद्युत विभाग की रिपोर्ट की जानकारी लेने के लिए सेवादल जल्द ही दोबारा एसई से मिलेगा। पारीक ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का वादा किया है। इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष,अश्विनी पारीक,पार्षद विकास रंगेरा कांग्रेस सेवादल जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, खुशी अमलानी, बंसी लाल खन्ना, सेवादल जिला सचिव आमिर खान, नरेंद्र गोदारा, नरेश भदरा, लकी केसवानी,नवीन, दीपक, सोनू, नरेश, जॉनी केवलानी, आदि जन उपस्थित थे।


