धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के अर्रुआ गांव में एक हादसे में 14 वर्षीय बालिका की करंट लगने से मौत हो गई। बालिका खेत की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में वह बिजली के तार की चपेट में आ गई। बालिका के कंरट की चपेट में आने के बाद परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बालिका की पहचान अर्रुआ गांव निवासी मोहिनी (14) पुत्री मुकेश के रूप में हुई है। घटना के बाद मोहिनी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बालिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


