मंडरायल उपखंड के रोधई गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में पोषाहार खाने के बाद पांच बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी और चक्कर आने की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोधई ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बीसीएमओ डॉ. महेश मीना ने बच्चों की जांच कर प्राथमिक उपचार दिया। सावधानी के तौर पर उन्हें उपजिला चिकित्सालय मंडरायल रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में ड्यूटी डॉक्टर डॉ. राकेश जाटव ने सभी बच्चों को भर्ती कर आवश्यक उपचार किया। उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है। बीमार हुए बच्चों में विष्णु धोबी (8), रामवीर मीना (7), गिरजा मीना (12), अंजलि धोबी (10) और काजल धोबी (10) शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। उपचार के दौरान नर्सिंग ऑफिसर उदय सिंह मीना, विष्णु शर्मा, अशोक माली और महेंद्र शर्मा सहित अन्य स्टाफ ने सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। मामले की सूचना शिक्षा विभाग को भी दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी इंद्रेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही छात्रों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। सभी छात्रों की स्थिति सामान्य है और मामले की जांच की जा रही है।


