करौली जिला मुख्यालय पर प्रशासन ने 2 अप्रैल 2022 के करौली दंगों के कथित मास्टरमाइंड और ‘सट्टा किंग’ अमीनुद्दीन उर्फ अमीन खान की संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई की है। नगर परिषद की टीम ने अंबेडकर चौराहा स्थित उसके व्यवसायिक परिसर को सीज कर दिया। यह कार्रवाई अवैध निर्माण और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ की गई है। नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीना के नेतृत्व में टीम अंबेडकर चौराहा भट्टा क्षेत्र में स्थित अमीन खान की अवैध बिल्डिंग पर पहुंची। टीम ने भवन को चारों ओर से घेरकर पहले कागजी और भौतिक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद संपत्ति को सीज कर दिया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि संबंधित संपत्ति को लेकर पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद नियमानुसार यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने अमीनुद्दीन खान के व्यवसायिक परिसर पर ताले लगाकर उसे सीज किया। भवन पर “यह संपत्ति नगर परिषद द्वारा सीज की जाती है” का बोर्ड भी लगाया गया। इस दौरान नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त/एसडीएम प्रेमराज मीना सहित नगर परिषद का जाब्ता मौजूद था।
गौरतलब है कि अमीनुद्दीन खान करौली नगर परिषद की पूर्व सभापति रशीदा खातून का पुत्र है। ऑनलाइन गेमिंग सट्टा नेटवर्क और करौली दंगों से जुड़े मामलों में उसकी गिरफ्तारी के बाद यह कार्रवाई की गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इसे दंगाइयों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।


