करौली पुलिस का ‘ऑपरेशन शिकंजा’:6 इनामी बदमाश गिरफ्तार, 5 हजार तक का इनाम था घोषित

करौली में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में इनामी अपराधियों, स्थायी वारंटियों और अवैध शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जिला स्पेशल टीम (DST) ने 5 हजार, 3-3 हजार और 2-2 हजार रुपए के कुल 6 इनामी बदमाशों को दबोचा। जिला स्पेशल टीम ने झुंझुनूं कोतवाली थाना के एक मामले में वांछित 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश श्रीफुल उर्फ मोहरसिंह पुत्र हीरा मीना को गिरफ्तार किया। घाट पाडली (करौली) निवासी श्रीफुल बालघाट थाने का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं द्वारा इनाम घोषित था। नादौती थाना के एक प्रकरण में वांछित 3-3 हजार रुपए के दो इनामी बदमाश रामोतार उर्फ रिंकू पुत्र धर्मसिंह गुर्जर और देशराज पुत्र लक्ष्मण को मालपुरा (टोंक) से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों दौसा निवासी हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। इन्हें संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। कोतवाली करौली थाना के एनआई एक्ट के मामलों में वांछित 3 हजार रुपए के इनामी आरोपी जलसिंह पुत्र चुन्नीलाल माली निवासी धायपुरा को भी टीम ने पकड़ा। इसके अतिरिक्त, सदर हिण्डौन थाना के पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित 2 हजार रुपए के इनामी स्थायी वारंटी श्रीराम पुत्र छोटूलाल मीना निवासी झिरना (टोंक) को लालसोट से गिरफ्तार किया गया। कोतवाली हिण्डौन के एक पुराने न्यायालय प्रकरण में वांछित 2 हजार रुपए के इनामी सुल्तान पुत्र मुरारी सुनार निवासी सनेट (करौली) को जयपुर से दबोचा गया। वहीं, सूरौठ, सपोटरा और टोडाभीम थाना पुलिस ने भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर अभियान को गति दी। सूरौठ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर थान सिंह पुत्र रमेशचंद जाटव निवासी अखैका पुरा खिजूरी को 64 पव्वे अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सपोटरा थाना पुलिस ने करीब पांच साल से फरार चल रहे 2 हजार रुपए के इनामी वारंटी श्यामलाल मीना निवासी ठीकरिया (सवाई माधोपुर) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। टोडाभीम थाना पुलिस ने भी दो स्थायी वारंटियों—विजय सिंह मीना (दौसा) और लड्डू गोपाल गोस्वामी (भरतपुर)—को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *