करौली शहर के सायनात खिड़किया स्थित भगवान चैतन्य महाप्रभु मंदिर में शनिवार को चैतन्य महाप्रभु की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी और फूल-पत्तों से सजाया गया। भगवान की प्रतिमाओं का विशेष शृंगार किया गया। इस दौरान शाम को प्रसिद्ध मदनमोहन मंदिर से चैतन्य महाप्रभु की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ‘हरे रामा-हरे कृष्णा’ के स्वर गूंज उठे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। चैतन्य महाप्रभु मंदिर में भी भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शोभायात्रा मदनमोहन मंदिर से शुरू होकर सिंह पौर से होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी। श्रद्धालु भगवान चैतन्य महाप्रभु के चित्रपट को लेकर जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। भजन-कीर्तन पर युवक नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे बाजारों में भी धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया। शोभायात्रा सायनात खिड़किया स्थित चैतन्य महाप्रभु मंदिर पहुंची, जहां मंदिर के सेवाधिकारी जुगलकिशोर कटारा और शुभम कटारा ने भगवान की पूजा-आरती की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्य किया और होली गीतों का भी गायन किया। पूजा-आरती के बाद नवलकिशोर कटारा, महेश शर्मा, मुकेश शर्मा, नितिन शर्मा और शुभम कटारा ने श्रद्धालुओं पर गुलाल-अबीर उड़ाया और प्रसादी का वितरण किया। शोभायात्रा में मदनमोहनजी मंदिर के दीपू पुजारी, किशोर पुजारी, मनोज पुजारी सहित धर्मेंद्र चतुर्वेदी, प्रदीप किशार, सुरेंद्र पाल और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।


