जिला मुख्यालय सहित क्षेत्र में दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर हुई हल्की बूंदाबांदी से लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास हुआ। मौसम विभाग ने भी आगामी कुछ दिनों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओले पड़ने की भी चेतावनी दी है। हिंडौन सिटी स्थित कृषि विज्ञान मौसम केंद्र से एमके नायक ने बताया कि सोमवार को तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। क्षेत्र में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव हुआ है, जिससे क्षेत्र में बादल छाने के साथ ही कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं ओले पड़ने की भी संभावना जताई है।


