करौली-कैला देवी मार्ग पर वमनपुरा गांव के पास दो टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में 7 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल कालूराम को जयपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का करौली अस्पताल में इलाज जारी है। मामचारी थाना अधिकारी अबजीत कुमार ने बताया कि नादौती के मिलक सराय निवासी कालूराम अपने टेंपो से कैला देवी की ओर जा रहा था। दूसरे टेंपो में अरब का पुरा निवासी जीतू कश्यप अपने परिवार के साथ शादी की खरीदारी के लिए करौली जा रहा था। वमनपुरा थाने के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। घायलों में जीतू कश्यप (22), ढकेली देवी (65), गुड़िया (18), दीना (48), पिंटी (25) और गौरव (20) शामिल हैं। सभी घायलों को वाहनों की मदद से करौली अस्पताल पहुंचाया गया। थाना अधिकारी ने बताया कि इस दौरान पुलिस ने करीब एक दर्जन ओवरलोड वाहनों के चालान काटे और जुर्माना वसूला। साथ ही वाहन ड्राइवरों को ओवरलोडिंग न करने की हिदायत दी गई।


