करौली जिला मुख्यालय सहित आस-पास के क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा। कोहरे का शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में असर अधिक नजर आया। इस दौरान अत्यधिक ठंड के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। जिसके कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। सुबह करीब 11 बजे तक कोहरा पूरी तरह साफ हो गया। नेशनल हाईवे-23 पर विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर रही। जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कोहरे के कारण वाहन हेडलाइट जलाकर धीमी गति से निकले। ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे के कारण जनजीवन अधिक प्रभावित रहा। किसान खेतों में रबी की फसल को बचाने के लिए सिंचाई करने के जुटे हैं। कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन पीएमओ डॉ. रामकेश मीना ने कहा कि ठंड से बचाव के लिए गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें, ऊनी कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें। सुबह के समय बाहर जाने से बचने की सलाह दी है।


