करौली के लांगरा थाना क्षेत्र से एक विवाहित महिला अपने तीन बच्चों सहित लापता हो गई है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि महिला घर से सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपए नकद भी ले गई है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार के अनुसार, महिला का पति मजदूरी के सिलसिले में राज्य से बाहर था। इसी दौरान देर रात उसकी पत्नी तीनों बच्चों को साथ लेकर घर से चली गई। परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला का लंबे समय से एक व्यक्ति से फोन पर संपर्क था। परिजनों का आरोप है कि उसी व्यक्ति ने महिला को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। परिजनों ने यह भी बताया कि महिला घर से जाते समय सोने की नथ, टीका, पैंडल, चांदी की पायजेब सहित अन्य जेवरात और बक्से में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद भी साथ ले गई। पति के वापस लौटने पर उसने अपनी पत्नी और बच्चों की तलाश रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पीड़ित पिता रूपसिंह और माता किन्ती देवी का कहना है कि उन्होंने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले को लेकर गांव के पंच-पटेल और ग्रामीण एकजुट हो गए हैं। वे पीड़ित मजदूर परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर विवाहित महिला व बच्चों को बरामद करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


