करौली के कलेक्ट्रेट स्थित सूचना केंद्र टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में 329 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट दिए गए। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रभारी मंत्री बेढम ने नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में प्रदेश में 15 हजार और युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा, करौली एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, एएसपी गुमनाराम और जिला परिषद सीईओ शिवचरण मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस मौके पर भाजपा की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी इंदु देवी जाटव भी मौजूद रहीं। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की तुलना स्वामी विवेकानंद से करते हुए कहा कि प्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों की भी आलोचना की।


