करौली में 5-5 हजार के 2 इनामी आरोपी गिरफ्तार:फायरिंग और पथराव की घटना में शामिल थे, छर्रे लगने से 2 लोग हुए थे घायल

करौली पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था और ये लंबे समय से गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित थे। थाना सदर करौली थानाधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजब सिंह और राजेश उर्फ राजकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें पांचना बांध से सैगरपुरा की ओर जाने वाले रास्ते से पकड़ा। पुलिस के अनुसार ये आरोपी ग्राम रोंडकला में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग और पथराव की घटना में शामिल थे। इस वारदात में दो लोग गोली के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना का वीडियो सीसीटीवी और मोबाइल में भी रिकॉर्ड हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए करौली पुलिस अधीक्षक ने इन आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया था और एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया था। इसी प्रकरण में पहले भी दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अभियान के तहत थाना सदर करौली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे इन दोनों इनामी आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के बाद जुर्म में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *