टीकमगढ़ में शनिवार को राष्ट्रीय सर्व सेन समाज संगठन की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जननायक कर्पूरी ठाकुर के जन्म शताब्दी सम्मान समारोह की तैयारियों पर चर्चा करना था। समारोह में शामिल होने के लिए समाज के लोगों को पीले चावल बांटकर आमंत्रित किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरेलाल सेन ने बताया कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्म शताब्दी सम्मान समारोह 20 जनवरी को भोपाल के हिन्दी भवन में राष्ट्रीय सर्व सेन समाज संगठन के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस समारोह की तैयारियों को लेकर प्रदेश भर में बैठकें की जा रही हैं। बैठक के दौरान समारोह के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी पदाधिकारियों से मार्गदर्शन भी लिया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष धनीराम सेन, संगठन संरक्षक कन्हैयालाल सेन, प्रदेश उपाध्यक्ष आचार्य रमेश कुमार और जिला उपाध्यक्ष रामनारायण ने सभी समाज बंधुओं से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सम्मिलित होने की अपील की। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इस बैठक में भानुप्रताप, मुकेश, प्रमोद, किशन लाल, वीरन मुखिया, मनोज सेन, सुरेंद्र सेन, शंकर नापित, नंदराम, मुन्ना लाल, रामरतन, देवेन्द्र सेन, प्रेमशंकर, परमानंद, भगवानदास, संतोष, कमलेश, चंद्रभान, हिमांशु, छोटेलाल सहित सेन समाज के कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।


