लुधियाना। एक होजरी कारोबारी ने अपने कर्मचारी को बिना बताए काम छोड़ने के आरोप में बंधक बना लिया और उसे अपनी फैक्ट्री में कई दिनों तक रखा। यह घटना हैबोवाल के वास मोहल्ला संधू नगर में हुई। पीड़ित कर्मचारी मोहम्मद असगर अंसारी ने बताया कि उन्होंने अपने गांव के साथी मुस्तफा को फैक्ट्री में काम पर लगाया था, लेकिन कुछ दिन पहले मुस्तफा बिना सूचना दिए काम छोड़कर चला गया। इस घटना को लेकर फैक्ट्री मालिक अशरफ अली को ये संदेह हुआ कि मुस्तफा की यह हरकत पीड़ित असगर की वजह से हुई है। इस पर गुस्साए कारोबारी ने असगर को बंधक बना लिया और उसे फैक्ट्री में लंबे समय तक बंद रखा। आरोप है कि इस दौरान कारोबारी ने असगर के साथ मारपीट भी की। एक दिन मौका मिलते ही पीड़ित असगर फैक्ट्री से भाग निकला और उसने इस मामले की शिकायत थाना हैबोवाल में दर्ज करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होजरी कारोबारी अशरफ अली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।


