भास्कर न्यूज | कांकेर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर विभिन्न विषयों व योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। 1 जनवरी से सभी कार्यालयों में लागू आधार बेस्ड बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस के संबंध में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय में उपस्थित होकर अपनी ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज करें। इसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर से की जा रही है तथा इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है, अतः इसे गंभीरता से लेते हुए शासन के निर्देशों का अनिवार्यतः पालन करें। इसके अलावा कलेक्टर ने ई-ऑफिस, धान खरीदी, लंबित निर्माण कार्य, एसआईआर, बस्तर पंडुम के आयोजन से संबंधित एजेंडों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा एसआईआर के तहत मतदाता सूची अद्यतीकरण के संबंध में अंतागढ़ ब्लॉक में संबंधितों को नोटिस डिलीवर नहीं हो पा रहा है। उन्होंने एसडीएम अंतागढ़ को निर्देशित किया चूंकि इसमें समय-सीमा निर्धारित है, इसलिए आगे की कार्यवाही पूर्ण करने के लिए इसमें तेजी लाएं, जिससे दावा-आपत्तियों का निराकरण निर्वाचन आयोग द्वारा तय समय पर किया जा सके। इसी तरह ई-ऑफिस के माध्यम से सभी कार्यालयों को क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ब्लॉक स्तर पर ई-ऑफिस से कार्य नहीं किए जा रहे हैं, सभी जनपद सीईओ इसे गंभीरता से लें। आगामी दिनों में बस्तर संभाग में आयोजित होने वाले बस्तर पण्डुम की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने समाज प्रमुखों की बैठक लेकर पारंपरिक परिधान, संस्कृति, वेशभूषा तथा प्राचीन सामाजिक गतिविधियों की जानकारी लेकर प्रत्येक विधा पर ब्लॉकवार टीम गठित करने एसडीएम को कहा। इसके अलावा कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी खाद्य अधिकारी से ली। उन्होंने 7 जनवरी तक त्रुटिपूर्ण रकबा का संशोधन कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने कहा।


