कर्रेगुट्टा पहाड़ पर फोर्स का कब्जा:नक्सल ऑपरेशन के बीच हेलीकॉप्टर से 500 जवान उतरे, दो और पहाड़ों को कब्जे में लेंगे

नक्सल ऑपरेशन के बीच फोर्स ने कर्रेगुट्टा पहाड़ पर कब्जा कर लिया है। दरअसल, इस पहाड़ पर मंगलवार को हेलीकॉप्टर की सहायता से 500 जवानों को उतारा गया। इसके बाद जवानों की एक फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुई, जिसमें जवान पहाड़ पर खड़े नजर आ रहे हैं। हालांकि फोर्स ने कर्रेगुट्टा पहाड़ को कब्जे में लेने की अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नक्सलियों के लिए सुरक्षित माने जाने वाला कर्रेगुट्टा पहाड़ का पूरा इलाका बीहड़ है। यहां का तापमान अभी 40 से 45 डिग्री के बीच है। बड़े नक्सली नेताओं की मौजूदगी की जानकारी पर फोर्स ने 8 दिन पहले अब तक सबसे बड़ा ऑपरेशन लॉन्च किया है। तेज गर्मी से कई जवान डिहाइड्रेशन के शिकार हुए तो दो जवान नक्सलियों के लगाए आईईडी से घायल भी हुए। इस बीच, जवानों ने तीन महिला नक्सलियों को ढेर किया और पहाड़ पर मौजूद नक्सलियों को खदेड़ा। हिड़मा के तेलंगाना वाले रास्ते से भागने की आशंका कर्रेगुट्टा पहाड़ में चल रहे सबसे बड़े ऑपरेशन को रुकवाने के लिए तेलंगाना शांतिवार्ता के सदस्यों ने तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी से मुलाकात की है। इस दौरान समिति के सदस्यों ने तेलंगाना सीएम से कहा कि वे नक्सलियों और सरकार के बीच शांतिवार्ता करने और ऑपरेशन को तत्काल रोकने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाएं। इसके बाद सीएम ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया है कि वे पार्टी के बड़े नेताओं से चर्चा कर इस मामले में पहल करेंगे। वहीं, तेलंगाना की ओर से घेराव कमजोर होने के कारण हिड़मा तेलंगाना के जंगलों में उतर गया और मौके से फरार हो गया है। IB चीफ की बैठक में फैसला पहाड़ियों पर अभी फोर्स का ऑपरेशन जारी रहेगा नक्सल ऑपरेशन के बीच आईबी चीफ तपन डेका अचानक छत्तीसगढ़ पहुंचे। उन्होंने नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में नक्सल ऑपरेशन के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें ऑपरेशन की जानकारी ली। फोर्स को ऑपरेशन में आने वाली दिक्कत और कॉर्डिनेशन को लेकर चर्चा की गई, क्योंकि यह छत्तीसगढ़ पुलिस, तेलंगाना पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स का संयुक्त ऑपरेशन है। बैठक में फैसला किया गया है कि नक्सलियों के खिलाफ यह ऑपरेशन जारी रहेगा। फोर्स जैसे-जैसे आगे बढ़ती जाएगी, वहां कैंप भी खोलती जाएगी। इसके बैकअप में दूसरे जिलों से भी फोर्स को बुलाया जा रहा है। पहाड़ियों की इस शृंखला में फोर्स का कब्जा रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *