कलश यात्रा के साथ श्री अखंड नवधा रामायण शुरू, भजन सुन झूमे उठे भक्त

भास्कर न्यूज | तुस्मा ग्राम तुस्मा के शबरी डेरा मोहल्ला में शनिवार को श्री अखंड नवधा रामायण समारोह का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूरे ग्राम में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। समारोह की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ कलश यात्रा से हुई। नवधा पंडाल स्थल पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान जी एवं भगवान शंकर की आकर्षक झांकी सजाई गई थी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी। झांकी के समक्ष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में डूब गया। विधिवत कलश यात्रा नवधा पंडाल स्थल से प्रारंभ होकर ग्राम के सभी मोहल्लों-सड़क पारा, बाड़ा पारा, ज्योदगीर मोहल्ला, नीम कुआं, महामाया चौक और आमा पारा-से होते हुए देवतहा तालाब डोंगिया तक पहुंची। यात्रा में ग्राम के पुरुष, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाएं सिर पर कलश धारण किए हुईं थीं और राम नाम के जयघोष, ढोल-मंजीरे की मधुर ध्वनि ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। देवतहा तालाब में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर कलशों में स्थापित किया। जल भराव के पश्चात कलश यात्रा पुनः नवधा पंडाल स्थल लौट आई, जहाँ ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर एवं आरती उतारकर इसका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रामगोपाल दास महाराज (देवरघटा वाले) भी उपस्थित थे। उनके आगमन से आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महाराज जी का आयोजक समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। आयोजक समिति ने बताया कि श्री अखंड नवधा रामायण का पाठ निर्धारित समय तक लगातार किया जाएगा। आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु इसमें भाग लेने आएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *