देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शुक्रवार देर रात जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के वार्डों में जाकर मरीजों से उनके उपचार, सुविधाओं और समस्याओं के बारे में सीधे जानकारी ली। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ वार्डों में डॉक्टर और नर्स ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर सिंह ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने विशेष रूप से एसएनसीयू वार्ड (शिशु गहन चिकित्सा इकाई) और मेटरनिटी सेक्शन (मातृत्व अनुभाग) का निरीक्षण किया, जहां डॉक्टर और स्टाफ नर्स ड्यूटी से गायब मिले। लापरवाह स्टाफ पर कार्रवाई के निर्देश
ड्यूटी से अनुपस्थित मिले संबंधित स्टाफ के खिलाफ कलेक्टर सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रसोई घर का भी लिया जायजा
कलेक्टर ने अस्पताल में मरीजों के लिए खाना बनने वाले रसोई घर (किचन) का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ तहसीलदार सपना शर्मा और आरएमओ अजय पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।


