कलेक्टर-एसपी ने किया मंडला बस स्टैंड का निरीक्षण:अतिक्रमण हटावाया; बोले- नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई, बसों का समय तय होगा

मंडला जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड का शुक्रवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा और एसपी रजत सकलेचा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाना रहा। अधिकारियों ने मौके पर ही अव्यवस्थाएं देखीं और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बसों के लिए तय होगा समय कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बस स्टैंड पर अब बसें मनमर्जी से खड़ी नहीं की जाएंगी। हर बस के आने-जाने का समय तय किया जाएगा और इसकी जानकारी सूचना बोर्ड पर लगाई जाएगी। तय समय से ज्यादा देर तक बस खड़ी करने पर कार्रवाई होगी। बिना परमिट चल रही बसों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे और उनका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा पर दिया जोर निरीक्षण के दौरान यात्रियों के लिए साफ प्रतीक्षालय, नियमित सफाई और चालू शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए। बस स्टैंड परिसर में बसों की धुलाई पर रोक लगा दी गई है। होटल और दुकानदार यदि पानी बाहर बहाते पाए गए तो मौके पर ही जुर्माना लगाया जाएगा। दुकानदारों और ऑटो पर सख्ती दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे केवल तय जगह पर ही दुकान लगाएं और बाहर शेड न निकालें। बस स्टैंड में केवल अनुबंधित दुकानें ही चलेंगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। बस स्टैंड की छतों पर लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है। ऑटो रिक्शा के लिए अलग पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमण हटाया, निगरानी के आदेश निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने मौके से अतिक्रमण हटवाया। कलेक्टर ने कहा कि बस स्टैंड की व्यवस्था सीधे यात्रियों से जुड़ी है, इसलिए इसकी नियमित निगरानी जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी, पुलिस और नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। देखें तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *