दतिया में मंगलवार को हुई जनसुनवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वीडियो में इंदरगढ़ क्षेत्र का एक बुजुर्ग अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर के सामने पहुंचता है, लेकिन आगे जो हुआ दृश्य सामने आया, उसने पूरे जनसुनवाई कक्ष को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। बुजुर्ग ने बताया कि उसे अब तक वृद्धा पेंशन नहीं मिल रही है, जबकि वह कई बार दफ्तरों के चक्कर काट चुका है। उम्मीद लेकर वह जनसुनवाई में पहुंचा, लेकिन यहां एक दिलचस्प स्थिति बन गई। जब कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने उससे आवेदन देने को कहा, तो बुजुर्ग ने साफ कहा—“मैं आवेदन साहब को ही दूंगा… आपको नहीं।” इस पर कलेक्टर मुस्कुराए और बड़े सहज अंदाज में बोले—“मैं ही साहब हूं… आपकी शिकायत तुरंत देखता हूं।”इसके बाद भी बुजुर्ग कुछ देर तक मानने को तैयार नहीं हुआ। काफी समझाने और भरोसा दिलाने के बाद आखिरकार उसने आवेदन कलेक्टर को सौंप दिया। मौजूद लोग ग्रामीण के भोलापन और सादगी पर मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। कई लोग इसे “दतिया जनसुनवाई का सबसे प्यारा पल” कहकर शेयर कर रहे हैं।


