कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की:ई-गवर्नेंस, आधारभूत सुविधाओं पर दिया जोर, सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाने को कहा

कोटपूतली-बहरोड़ जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने सोमवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने, सरकार के दो वर्षीय कार्यकाल के कार्यक्रमों की तैयारी और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप ई-गवर्नेंस को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इसका उद्देश्य प्रक्रियाओं को सरल, कुशल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है, ताकि नागरिकों के लिए सेवाओं तक पहुंच आसान हो सके। इसमें नागरिक सेवा पोर्टल, ऑनलाइन शिकायत निवारण और सरकारी दस्तावेजों की डिजिटल उपलब्धता जैसी कई सेवाएं आमजन तक पहुंचाई जानी हैं। उन्होंने अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम को घरेलू और कृषि विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। पीएचईडी विभाग को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन के लक्ष्यों के अनुरूप और भविष्य की कार्य योजना तैयार कर ग्रीष्मकालीन आकस्मिकता (समर कंटिंजेंसी) के तहत कार्य करने को कहा। इससे ग्रीष्म ऋतु में आमजन को पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को अस्पतालों सहित सभी राजकीय भवनों में नियमानुसार फायर एनओसी और सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही, सीएमएचओ को मौसमी बीमारियों के मद्देनजर पर्याप्त दवा भंडार रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संपर्क पोर्टल, जनसुनवाई और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रकरणों का तुरंत निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। समाचार पत्रों में प्रकाशित आमजन की समस्याओं से संबंधित खबरों पर भी तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। कलेक्टर ने आगामी दिनों में राज्य सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की निर्देशानुसार तैयारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम रामवतार मीणा, एसीईओ सुशीला यादव, नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *