कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन रोकने के दिए निर्देश:ओडिशा सीमा के चेक पोस्टों का निरीक्षण किया, कड़ी निगरानी रखने को कहा

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने शनिवार को ओडिशा सीमा पर स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट कंचनपुर और अमलीपाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन रोकने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जांच दल के अधिकारी-कर्मचारियों से उनके कार्यों का विवरण लिया और रजिस्टर की जांच की। उन्होंने चेक पोस्ट पर विद्युत व्यवस्था, रात में अलाव जलाने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कंबल और स्वेटर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह कार्य चुनाव ड्यूटी के समान महत्वपूर्ण है, जिसे पूरी जिम्मेदारी से निभाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां एक ओर दोनों राज्यों के राहगीरों को सुविधा प्रदान की जाए, वहीं कोचिया या अन्य अवैध धान परिवहन करने वाले व्यापारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए और उन पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने सभी जांच दलों को पुख्ता व्यवस्था के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम वर्षा बंसल, तहसीलदार सरिया कोमल साहू, तहसीलदार बरमकेला मोहन साहू, पुष्पेन्द्र राज, खाद्य विभाग से विद्यानंद पटेल सहित पुलिस, वन, राजस्व और मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *