कलेक्टर ने ऑफिसों, विकास कार्यों का निरीक्षण किया:छात्रावास निर्माण देखा, योजनाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

कोटपूतली-बहरोड़ कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने मंगलवार को विभिन्न कार्यालयों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव से बचाव के लिए छात्रावास भवन निर्माण में तकनीकी मानकों पर जोर दिया और जनसुनवाई करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। संपर्क पॉर्टल की शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए उन्होंने सरदार स्कूल के पास स्थित राजकीय अंबेडकर छात्रावास परिसर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला एवं ब्लॉक कार्यालयों तथा सहायक निदेशक बाल अधिकारिता कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की और समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से लाभान्वित करने और जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में संधारित रजिस्टरों का अवलोकन कर सभी जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने को कहा। निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताई कलेक्टर ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गोपालपुरा रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास और राजकीय सावित्रीबाई फुले छात्रावास में छात्राओं से अध्ययन एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। रामसिंहपुरा में निर्माणाधीन छात्रावास भवन का अवलोकन करते हुए, उन्होंने भवन की ऊंचाई भू-तल से पर्याप्त रखने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति से बचाव सुनिश्चित हो सके। शिक्षण, पानी, स्वच्छता की जांच की पुरणनगर के पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण करते हुए रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और शिक्षण गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा विद्यालय में सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने विद्यालय में पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों, जैसे सोलर, हेल्थ कैंप, बाल वाटिका, संविधान कक्ष, पुस्तकालय कक्ष, 21वीं सदी के कौशल, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, यूथ एंड इको क्लब, पोषाहार आदि का गहन निरीक्षण किया और उनके नियमित संचालन पर जोर दिया। इस अवसर पर एसडीएम रामावतार मीना, समाज कल्याण अधिकारी विपिन, सीबीईओ हिम्मत कौर पंवार, एसीबीईओ पूरणमल कसाना और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *