कलेक्टर ने राजकीय स्कूल मांढेरा का किया दौरा:शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं का किया निरीक्षण

डीग जिले में सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने बुधवार को राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल, मांढेरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के विभिन्न अनुभागों का सघन दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलेक्टर ने सर्वप्रथम संस्था प्रधान के कक्ष में उपस्थिति पंजिका की जाँच की। निरीक्षण के दौरान स्कूल में पदस्थापित सभी कार्मिक और शिक्षक शत-प्रतिशत उपस्थित पाए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि समय की पाबंदी और नियमितता को भविष्य में भी बनाए रखा जाए। इसके बाद जिला कलेक्टर ने विभिन्न कक्षाओं का दौरा कर शिक्षण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का आकलन किया और बच्चों से संवाद भी किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के ‘लर्निंग आउटकम’ को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने स्कूल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था, भोजनालय (मिड-डे मील रसोई) और खेल मैदान की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संस्था प्रधान को निर्देश दिए कि स्कूल परिसर में स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखें और खेल मैदान का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करें। निरीक्षण के अंत में जिला कलेक्टर ने स्कूल स्टाफ के साथ चर्चा की और उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *