जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने हाईवे पर जलभराव की समस्या का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को बुलाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर के निर्देशों के बाद एनएचएआई प्रबंधन ने नालों की सफाई करना शुरू कर दिया है। दरअसल, हाईवे के किनारे जलभराव से आमजन को काफी परेशानी हो रही थी। इसी के मद्देनजर जिला कलेक्टर खुद मौके पर पहुंचे और संबंधित विभागीय अधिकारियों को साथ लेकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से समस्या को ठीक करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पीएचईडी द्वारा पानी फिल्टर के दौरान बची हुई सिल्ट और पानी को नालों में छोड़ दिया जाता था। यह सिल्ट धीरे-धीरे नालों में जमा हो गई, जिससे नाले पूरी तरह से चोक हो गए। इसी कारण बरसात का पानी सड़कों पर बहने लगा था। कलेक्टर ने एनएचएआई अधिकारियों को हाईवे के दोनों ओर बने नालों को खुलवाकर उनकी सफाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद नालों की सफाई कराना शुरू कर दिया गया है। इस दौरान कार्यवाहक नगरपरिषद आयुक्त गुमान सिंह सहित एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।


