कोटपूतली में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को सुशासन दिवस मनाया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय, नगर परिषद और विभिन्न विभागों के कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्वर्गीय प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कर्मचारियों को दिलाई शपथ जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुशासन की शपथ ली। उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान के मूल्यों के अनुरूप ईमानदारी, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संकल्प लिया। शपथ के माध्यम से भ्रष्टाचार के विरुद्ध शून्य सहनशीलता अपनाने, समयबद्ध एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं का फायदा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया। सुशासन मॉडल को सभी के लिए पथप्रदर्शक बताया इस अवसर पर जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि सुशासन केवल एक अवधारणा नहीं, बल्कि शासन की वह कार्य संस्कृति है जिसमें पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ आमजन तक योजनाओं का फायदा पहुंचाया जाता है। उन्होंने अटल जी के सुशासन मॉडल को सभी के लिए पथप्रदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी एक कुशल राजनीतिज्ञ, प्रखर वक्ता और दूरदर्शी नेता थे, जिनके नेतृत्व ने देश में सुशासन की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की। कलेक्टर ने आगे कहा कि यदि सभी इस कार्यशैली को पूरी तरह अपनाकर कार्य करें तो नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान निकल सकता है और आमजन तक सरकार की हर सुविधा और योजना की पहुंच सुनिश्चित हो सकती है। ये रहे मौजूद इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद, अधीक्षण अभियंता विद्युत निगम मनोज गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी कलेक्ट्रेट में मौजूद रहे। साथ ही, नगर परिषद कार्यालय कोटपूतली में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।


