कलेक्टर बोले–प्रदूषण फैलाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करो:बोले– फैक्ट्रियों का अनट्रीट पानी किसी भी सूरत में नदी में न जाए, अवैध पाइप लाइन दिखे तो उखाड़ो

भारत के सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय की रिपोर्ट की अनुपालना में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सीईटीपी (कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर एलएन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सीईटीपी को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने के लिए ठोस और प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के अधिकारियों को प्रदूषित पानी की अवैध निकासी पर कड़ी निगरानी रखने, अवैध पाइपलाइनों को उखाड़ने तथा दोषी इकाइयों के विरुद्ध पुलिस प्रकरण दर्ज करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं सीईटीपी इकाइयों की स्थिति की जांच करने एवं जेएलडी चलाने के आदेश भी दिए। उन्होंने आवासीय क्षेत्रों में संचालित अनाधिकृत औद्योगिक इकाइयों को तत्काल बंद करवाने तथा अवैध रूप से संचालित इकाइयों की विद्युत आपूर्ति काटने के निर्देश दिए। कृषि भूमि पर किसी भी प्रकार की औद्योगिक गतिविधि पाए जाने पर उसकी जांच उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा कराने तथा नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। प्रदूषित पानी के अनाधिकृत परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण मण्डल एवं पुलिस प्रशासन को टैंकरों व ट्रैक्टरों की गश्त के दौरान सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बांडी नदी पुलिया से हाईवे तक पुराने व नवीन नक्शों के मिलान हेतु समिति गठित कर जांच करवाने तथा नदी के किनारे एवं एक किलोमीटर की परिधि में भू-राजस्व विभाग द्वारा सर्वे कर भूमिगत जल के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही जिला कलक्टर ने रीको क्षेत्र के नालों में औद्योगिक इकाइयों का प्रदूषित पानी नहीं जाने देने की सख्त हिदायत दी और उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग ओम प्रभा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सापा, उपखण्ड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के अधिकारी अमित सोनी, जलदाय विभाग के कानसिंह राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, पुलिस विभाग के सुघाड़ सिंह, सीईटीपी अध्यक्ष अशोक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *