कलेक्शन एजेंट का बैग लेकर भाग गए बदमाश:महिलाओं के समूह से कलेक्शन कर जा रहा था बैंक, पुलिस कर रही जांच

ग्वालियर जिले के एक गांव में महिलाओं के समूह से रुपए कलेक्ट कर लौट रहे एक एजेंट से दो युवकों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना के बाद एजेंट ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे झाड़ियों में ओझल हो गए। यह वारदात घाटीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम घेघोली में रेलवे ब्रिज के पास 19 जनवरी की सुबह हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छतरपुर जिले के बंजारी, चंदला निवासी विपिन कुमार पुत्र शंकर सिंह क्षत्रिय कलेक्शन एजेंट हैं। गांवों में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह होते हैं, जो हर महीने बचत की राशि एकत्र कर बैंक में जमा कराते हैं। इस राशि को एकत्र करने के लिए बैंक द्वारा एजेंट नियुक्त किए जाते हैं। विपिन कुमार 19 जनवरी को घाटीगांव क्षेत्र के गांवों में कलेक्शन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने महिलाओं के समूहों से करीब 38 हजार रुपए एकत्र किए, जिन्हें काले रंग के बैग में रखकर बैंक में जमा कराने के लिए बाइक से रवाना हुए। जब वे घाटीगांव से निकलकर रेलवे ब्रिज के पास पहुंचे, तो सड़क पर रेत और गिट्टी बिखरी होने के कारण बाइक की गति धीमी करनी पड़ी। इसी दौरान खेत की ओर से आए दो बदमाशों ने बाइक पर रखा बैग उठाया और मौके से फरार हो गए। बैग छीने जाते ही विपिन ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन दोनों युवक रेलवे पटरी के किनारे होते हुए खेतों की आड़ में झाड़ियों के बीच कहीं गायब हो गए। पुलिस के साथ खुद करता रहा तलाश घटना के बाद विपिन कुमार ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद विपिन पुलिस के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश करता रहा। पांच दिन तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले की जांच कर रहे एसआई अजयपाल सिंह यादव ने बताया कि क्षेत्र के संदिग्ध बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *