कल्याणपुरा कलां के स्काउट्स का नेशनल जम्बूरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन:लखनऊ में हुआ था आयोजन, लौटने पर कोटपूतली में हुआ स्वागत

लखनऊ में 23 से 29 नवंबर तक आयोजित 19वीं नेशनल स्काउट-गाइड जम्बूरी में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल कल्याणपुरा कलां के स्काउट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जम्बूरी में 7 देशों और भारत के 35,763 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मिजोरम के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित कई केंद्रीय व राज्य मंत्री मौजूद रहे। स्काउट मास्टर राजवीर यादव के मार्गदर्शन में कल्याणपुरा कलां के आठ स्काउट्स – आशीष गुर्जर, शुभम, गोलू गुर्जर, अशोक कुमार, अभिषेक आर्य, गोपाल आर्य, लोकेश आर्य और महेश गुर्जर ने कैम्प क्राफ्ट में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। उनके द्वारा बनाए गए मटका स्टैंड, अलमीरा, डाइनिंग टेबल, परिंदा स्टैंड, चेयर, हैंगर, मिरर स्टैंड, जूता स्टैंड, बैग स्टैंड, कपड़ा स्टैंड, तौलिया स्टैंड, क्ले ओवन, लेक्चरर स्टैंड, संदूक स्टैंड, प्रोजेक्ट स्टैंड, मुख्य गेट की सजावट और रंगोली जम्बूरी में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। जम्बूरी से लौटने के बाद स्थानीय संघ कोटपूतली और विराटनगर ने संयुक्त रूप से स्काउट्स और स्काउट मास्टर का सम्मान किया। इस दौरान स्काउट्स को माला पहनाई गई, साफा बांधा गया और उनका अभिनंदन कर मनोबल बढ़ाया गया। इस सम्मान समारोह में विराटनगर सचिव फूलचंद मीणा, सहायक सचिव प्रशिक्षण कमलेश कुमार, प्राचार्य ख्यालीराम सैनी, रोहिताश सैनी, अतुल कुमार आर्य, संदीप कुमार जांगिड़, प्रधानाचार्य दौलत कुमार वर्मा, रामकरण यादव, राजेश यादव (उपप्राचार्य) सहित बड़ी संख्या में स्काउट मास्टर्स उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *