उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा 24 नवंबर को कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा प्रवास पर थे। इस दौरान तहसील कार्यालय में किसानों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और उनसे मिलकर चर्चा की। जमीन पर साथ बैठकर उनकी समस्या भी सुनी। किसानों ने बताया कि हल्का नंबर 15 ग्राम कुरूवा के पटवारी राजेश शर्मा ने किसानों के कई कार्यों में टालमटोल और अनाधिकृत रूप से विलंब किया जाता है। इस शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए विजय शर्मा ने पटवारी राजेश शर्मा को मौके पर ही निलंबित करने का आदेश दिया। विजय शर्मा ने दी चेतावनी विजय शर्मा ने किसानों से धान खरीदी और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी स्तर पर दिक्कत नहीं होनी चाहिए, किसान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मौके पर उपस्थित सभी पटवारियों से उपमुख्यमंत्री ने कार्यों की स्थिति पूछी और कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि कृषकों के किसी भी कार्य में लापरवाही, देरी या टालमटोल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के सभी राजस्व कार्य समय पर और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। यदि किसी कर्मचारी द्वारा लापरवाही पाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को पूरे क्षेत्र की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मौके पर पटवारी निलंबित उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के आदेश के बाद अधिकारियों ने तुरंत वही पर निलंबन का आदेश निकाला। आदेश के अनुसार पटवारी राजेश शर्मा हल्का नंबर 15 कुरूवा, रा.नि.मं. सिल्हाटी, तहसील सहसपुर लोहारा को अपने प्रभार क्षेत्र के कृषकों के कई कामों में टालमटोल और अनाधिकृत रूप से विलंब करने जाने का शिकायत पर संबंधित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। उक्त आदेश के मुताबिक, शासकीय कार्य में लापरवाही किये जाने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) के तहत, निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में निलंबित कर्मचारी राजेश शर्मा पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय स.लोहारा (निर्वाचन शाखा) में होगा। संबंधित कर्मचारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदाय किया जाएगा।


