कवर्धा कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने ही पिता की ऑटो पार्ट्स दुकान से चोरी कर सॉल्यूशन ट्यूब नाबालिगों को बेच रहा था। आरोपी आशु सिन्हा (18) अपने दोस्तों के साथ मिलकर रामनगर स्थित जेवडन रोड के एक किराए के मकान में सॉल्यूशन ट्यूब बेचता था। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किशोरों को यह ट्यूब बाजार कीमत से तीन से चार गुना अधिक दाम में बेचता है, जिसका उपयोग वे नशे के लिए करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर आरोपी से संपर्क कराया। बातचीत में आरोपी ने सॉल्यूशन ट्यूब बेचने की बात स्वीकार की। 62 नग सॉल्यूशन ट्यूब जब्त इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर कुल 62 नग सॉल्यूशन ट्यूब जब्त किए। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNSS) की धारा 170/125, 135(3) के तहत केस दर्ज कर उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों की ये अपील DSP कृष्णा चंद्राकर ने स्पष्ट किया है कि बच्चों और किशोरों को नशे के दलदल से बचाने के लिए सतत अभियान जारी रहेगा। समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील है कि कोई व्यक्ति बच्चों को नशे के लिए उकसाता है या नशीली सामग्री बेचता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।


