कश्मीरी मुस्लिम होने पर हुआ अली गोनी के साथ भेदभाव:एक्टर बोले- 50 बिल्डिंग्स गिनवा दूंगा, जिन्होंने बोला कि हम मुस्लिमों को घर नहीं देते

टीवी एक्टर अली गोनी ने कई बार ये जिक्र किया है कि कश्मीरी और मुस्लिम होने पर उन्हें भेदभाव का सामना करना पड़ चुका है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में अली ने बताया है कि जब वो गर्लफ्रेंड जैस्मिन भसीन के साथ मुंबई में घर ढूंढ रहे थे, तब कई लोगों ने ये कहते हुए घर देने से इनकार कर दिया कि वो मुस्लिमों को घर नहीं देते। अली गोनी हाल ही में इनकंट्रोवर्शियल पॉडकास्ट में पहुंचे थे। यहां उनसे पूछा गया कि कश्मीरी होने पर उन्हें कैसे भेदभाव का सामना करना पड़ा। इस पर एक्टर ने कहा, इंडस्ट्री में तो कभी ये नहीं हुआ, लेकिन घर ढूंढने में मेरे साथ भेदभाव हुआ। बहुत ज्यादा, आज भी होता है। अभी भी मैं और जैस्मिन घर ढूंढ रहे थे, तो मैं आपको 50 बिल्डिंग्स गिनवा दूंगा, जिन्होंने बोला कि हम मुस्लिमों को घर नहीं देते। आगे अली ने कहा है, मैंने देखा है कि जितने मना करने वाले थे, वो बूढ़े ही थे। या 50-60 के थे। ज्यादा से ज्यादा 5-10 साल जीने वाले हैं वो। उसके बाद या जलकर राख हो जाएंगे या कब्र में दफन हो जाएंगे। तो क्या करेंगे उस बिल्डिंग का। अली गोनी ने बातचीत में ये भी बताया है कि वो जल्द ही गर्लफ्रेंड जैस्मिन भसीन के साथ लिव-इन में रहने वाले हैं। उन्होंने मुंबई में घर ढूंढ लिया है। हालांकि उनका शादी का अभी कोई प्लान नहीं है। किसी ने मुस्लिम तो किसी ने एक्टर होने पर नहीं मिला घर अली गोनी ही नहीं कई सेलेब्स ने भी मुंबई में घर न मिलने की शिकायत की है। कुछ समय पहले ही उर्फी जावेद ने ये मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा है कि कुछ ने उन्हें मुस्लिम होने पर घर देने से इनकार कर दिया, तो किसी को उनके काम से आपत्ति थी। उनके अलावा बिग बॉस 18 का हिस्सा रहीं यामिनी मल्होत्रा भी बता चुकी हैं कि उन्हें मुंबई में घर ढूंढने में दिक्कत हो रही है। वो जहां जाती हैं, वहां उनसे धर्म पूछा जाता है। इसके बाद भी अगर कोई घर देने को राजी हो जाए तो ये सुनकर इनकार कर देता है कि वो एक्ट्रेस हैं। इनके अलावा एक्ट्रेस चारू असोपा, आकांक्षा जुनेजा, बिग बॉस फेम शहजादी और शिरीन मिर्जा ने भी इस तरह की परेशानी का सामने करने का जिक्र किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *