गढ़वा| कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, गढ़वा में कक्षा 8 की छात्रा रेहाना खातून को सांप ने काट लिया। यह घटना न केवल विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि छात्राओं की जान जोखिम में डालने वाली व्यवस्थागत खामियों को भी उजागर करती है। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब छात्रा विद्यालय परिसर में दैनिक कार्यों में व्यस्त थी। अचानक एक जहरीले सांप ने उसे डंस लिया, जिससे वह तड़पने लगी। आनन-फानन में विद्यालय प्रशासन द्वारा उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, समय पर एंटी-वेनम न मिलने से स्थिति गंभीर हो सकती थी।


