कहासुनी के बाद मारपीट, दो बाइकों को आग लगाई:खिलचीपुर में दशहरे की रात विवाद में दो घायल; लाठी-पत्थर चले

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में दशहरे की रात दो पक्षों के बीच मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गुरुवार रात कुआखेड़ा गांव के पास लाठी-पत्थर चलने से दो लोग घायल हो गए और दो मोटरसाइकिलों को आग लगा दी गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गुनाखेड़ी निवासी सुनील दांगी (21) और कपिल दांगी (20) ब्यावरा कला से रावण दहन देखकर लौट रहे थे। कुआखेड़ा जोड़ के पास उनकी बाइक और ब्यावरा कला निवासी गिरिराज दांगी (25) और ओम प्रकाश दांगी की बाइक के बीच टक्कर होते-होते बची। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर FIR कराई
मारपीट के दौरान गुनाखेड़ी पक्ष की दो पल्सर मोटरसाइकिलों को आग लगा दी गई। आग लगते ही बाइकें धू-धू कर जलने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुनील दांगी ने आरोप लगाया कि गिरिराज और ओम प्रकाश ने उन पर लाठी से हमला किया और सिर में चोट लगी। उन्होंने कहा कि जान बचाकर भागने पर उनकी बाइक में आग लगा दी गई। दूसरी ओर, गिरिराज दांगी ने कहा कि वे ढाबे पर खाना खा रहे थे और चौराहे पर खड़े थे, तभी एक पल्सर ने उन्हें टक्कर मारी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील और कपिल ने उन पर हमला किया और घायल किया। गिरिराज ने बाइक जलाने में अपना कोई हाथ होने से इनकार किया। शुक्रवार को दोनों पक्ष खिलचीपुर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *