भास्कर न्यूज | अमृतसर नशे के खिलाफ अभियान के तहत स्पेशल डीजीपी पंजाब रेलवे शशि प्रभा द्विवेदी ने केंद्रीय जेल की औचक चेकिंग की। इस दौरान 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात थे। उन्होंने बताया कि जेल की सभी बैरकों की गहन तलाशी ली गई। स्पेशल डीजीपी ने बताया कि जनवरी से अब तक जेल में तैनात तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। ये आरोपी कैदियों को मोबाइल और नशा सप्लाई कर रहे थे। जेल के अंदर बाहर से मोबाइल और नशा फेंकने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनवरी से अब तक 15 स्मार्टफोन और 25 कीपैड फोन बरामद किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की जांच जारी है। जेल में 2200 कैदियों की क्षमता है, लेकिन फिलहाल 4100 कैदी बंद हैं। जेल में जैमर सिस्टम को लेकर उन्होंने कहा कि फोरजी नेटवर्क रोकने के लिए जैमर लगाए गए थे, लेकिन अब फाइव जी नेटवर्क सक्रिय हो गया है। इसे रोकने की तैयारी चल रही है। एआई टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि जेल में बाहर से फेंके जाने वाले सामान पर नजर रखी जा सके। इस मौके साथ में पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर भी मौजूद थे।


