कांकेर में नशे के कारोबार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई:उजियारा अभियान के तहत 36 लीटर शराब, 2.4 किलो गांजा जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

कांकेर पुलिस ने जिले में नशाखोरी खत्म करने के लिए ‘उजियारा’ अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा की पहल पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध गांजा, देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चारामा पुलिस ने ग्राम चारभाठा में घेराबंदी कर 56 वर्षीय युवतलाल बंजारा के पास से 1 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 90 हजार रुपये है। वहीं, भानुप्रतापपुर पुलिस ने घोठा डोंगरीपारा से 35 वर्षीय जयसिंग मरकाम के कब्जे से 616 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य 8 हजार रुपये आंका गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत कार्रवाई की गई है। अवैध शराब मामले में अलग-अलग जगहों से चार आरोपी गिरफ्तार कोरर पुलिस ने ग्राम बरबसपुर के पास 35 वर्षीय श्रीराम उइके को 10 लीटर अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा। सरोना पुलिस ने ग्राम अंजनी से 27 वर्षीय वासु सोनी के पास से 8.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने ग्राम अर्जुनी के अटल चौक पर 36 वर्षीय सुरेखा निषाद को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा, जबकि इच्छापुर चौक पर 34 वर्षीय विष्णु सलाम को भी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के कब्जे से कुल 18 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 1800 रुपये है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *