छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। इन शिक्षकों ने ‘युक्तियुक्तकरण’ प्रक्रिया के तहत मिली नई पदस्थापना वाले स्कूलों में कार्यभार ग्रहण नहीं किया था। यह कार्रवाई राज्य सरकार की ‘युक्तियुक्तकरण’ योजना के तहत की गई है। इस योजना का उद्देश्य शिक्षक-विहीन और एकल-शिक्षक स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरा करना है। इसके तहत कांकेर जिले के कई शिक्षकों को अतिशेष घोषित कर अन्य स्कूलों में स्थानांतरित किया गया था। विभाग ने इन शिक्षकों को जुलाई 2025 तक नई जगह पर कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया था। नई पोस्टिंग नहीं संभालने पर शिक्षक हुए सस्पेंड जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रमेश कुमार ने बताया कि निलंबित शिक्षकों ने अपनी नई पदस्थापना के खिलाफ जिला स्तर पर अपील की थी, जिसे सुनवाई के बाद खारिज कर दिया गया। इसके बावजूद, उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। विभाग ने उन्हें तीन से चार बार स्पष्टीकरण और नोटिस जारी किए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद अनुपस्थिति के कारण निलंबन का यह कदम उठाया गया। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जिले के शैक्षणिक समुदाय में चर्चा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शासकीय नियमों का पालन अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।


