कांकेर में 6 एकड़ धान की फसल जलकर राख:कटाई के बाद खलिहान में रखा था, किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की

कांकेर के ढोरकट्टा गांव में किसान रायसु राम पटेल की लगभग 6 एकड़ धान की फसल जलकर राख हो गई। यह घटना गुरुवार शाम को हुई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, रायसु राम पटेल ने अपनी 6 एकड़ धान की फसल की कटाई कर ली थी और उसे खलिहान में सुरक्षित रखा था। किसान इस फसल को बेचकर बैंक का कर्ज चुकाने और परिवार का भरण-पोषण करने की योजना बना रहे थे। गुरुवार शाम को अचानक उनकी तैयार फसल में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फसल का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 90 प्रतिशत से अधिक फसल पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना से किसान रायसु राम पटेल की आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मुआवजे और तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की है। किसान ने बताया कि यह फसल ही उनकी एकमात्र पूंजी थी। स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा है कि वह तत्काल किसान के नुकसान का आकलन करे और उन्हें इस संकट की घड़ी से उबारने के लिए हर संभव मदद मुहैया कराए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *