कांकेर के कोइलीबेड़ा में सोमवार को ST, SC और OBC समाज के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकदिवसीय रैली और चक्का जाम किया। विभिन्न गांवों से आए इन ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में ब्लॉक मुख्यालय में शासकीय कार्यालयों का नियमित संचालन, कॉलेज, बैंक और अस्पताल की उचित व्यवस्था शामिल है। इसके अतिरिक्त, चारगांव माइंस के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यों की जांच की भी मांग की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी इन मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी इस चक्का जाम के कारण क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से उनकी मांगों को लेकर चर्चा की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।


