कांग्रेसियों ने पूर्व पीएम को दी श्रद्धांजलि:विधायक बोले- वैश्विक आर्थिक मंदी से डॉ. मनमोहन ने देश को निकाला

टीकमगढ़ में गांधी चौराहे पर शनिवार रात कांग्रेस पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अंतिम संस्कार स्थल के पास पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक बनाए जाने की मांग की। कांग्रेस नेता पवन घुवारा ने कहा कि जब विश्व आर्थिक मंदी झेल रहा था, तब पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के कुशल नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर बढ़ रहा था। उन्होंने रोजगार गारंटी कानून, शिक्षा गारंटी कानून, खाद्यान्न गारंटी कानून जैसी अनेक योजनाएं चलाकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सहारा दिया था। कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा कि प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री सहित सर्वोच्च पदों पर रहकर भी डॉ मनमोहन सिंह ने साधारण जीवन व्यतीत कर सादगी की अनोखी मिसाल पेश की है। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा के सामने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की फोटो रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष गौरव शर्मा, प्रदेश सचिव सूर्य प्रकाश मिश्रा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. इसरार मोहम्मद, विभोर पांडे, लक्ष्मण रैकवार, अंकित जैन, पार्षद अनीश खान, समीम खान, रेखा यादव सहित कांग्रेसी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *