कांग्रेसी प्रभात पांडेय का शव आज आएगा गोरखपुर:प्रदर्शन के दौरान लखनऊ में हुई थी मौत, अजय राय भी पहुंच सकते हैं

गोरखपुर के 29 साल के युवा कांग्रेसी प्रभात पांडेय की लखनऊ में कांग्रेस के विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान संदिग्ध हालत में मौत हो गई। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस की धक्कामुक्की और बल प्रयोग के कारण प्रभात की मौत हुई है। वहीं, प्रभात के मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों और पड़ोसियों का कहना है कि प्रभात को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, और उनका निधन अचानक हुआ। पोस्टमार्टम के बाद लखनऊ से परिजन प्रभात का शव लेकर गुरुवार को गोरखपुर आयेंगे। शव के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के भी गोरखपुर आने की उम्मीद है। परिवार में छोटी बहन की शादी की चल रही थी तैयारी
प्रभात पांडेय गोरखपुर में गीडा इलाके के देईपार गांव के रहने वाले थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और दो बहनों में सबसे बड़े थे। प्रभात की एक बहन की दो साल पहले शादी हो चुकी है। जबकि, दूसरी बहन श्रेया की अभी शादी नहीं हुई है। परिवार में अब श्रेया की शादी की तैयारी चल रही थी। फिलहाल, प्रभात लखनऊ में अपने चाचा मनीष पांडेय के साथ रहते थे। जबकि, यहां घर पर उनके माता-पिता, और छोटी बहन के अलावा और दादा रहते हैं। ढाई साल पहले कांग्रेस से जुड़े थे प्रभात
परिवार के लोगों के मुताबिक, वे करीब ढाई साल पहले युवक कांग्रेस से जुड़े थे और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। हाल ही में, वे लखनऊ में अपने चाचा मनीष पांडेय के पास रहकर कंप्यूटर कोर्स कर रहे थे और कांग्रेस के कार्यक्रमों में भी योगदान दे रहे थे। पोते की मौत की खबर सुन बेसुध हुए बाबा
बुधवार को कांग्रेस के विधानसभा घेराव कार्यक्रम में भाग लेने के बाद प्रभात अचानक बेसुध हो गए। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां-बहन को नहीं हो रहा यकीन
मौत की सूचना मिलते ही प्रभात के पिता दीपक पांडेय, जो LIC में कार्यरत हैं, बेसुध हो गए। उनकी मां, बहन और अन्य परिजन गहरे शोक में डूब गए। परिवार में प्रभात के बाबा उमाशंकर पांडेय जो पोस्ट ऑफिस से रिटायर्ड हैं बेसुध हो गए हैं। पोते की मौत की खबर सुनने के बाद वे बात करने की स्थिति में भी नहीं हैं। स्थानीय कांग्रेस नेता प्रधान चन्द्रभूषण पांडेय समेत कई पार्टी कार्यकर्ता प्रभात के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
लखनऊ की पुलिस उपायुक्त रवीना त्यागी के अनुसार, प्रभात को शाम पांच बजे सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। उनके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही उनकी मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चलेगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी गोरखपुर आ रहे हैं और वे परिजनों से मिलने का कार्यक्रम बना रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *